Monday, 29 April 2019

चुनाव 2019

हमारे देश में इस समय चुनावी माहौल चल रहा है। हर तरफ सिर्फ इसी बात की चर्चा हो रही है तो मैंने भी सोचा कि इस मुद्दे पर थोड़ा प्रकाश डाला जाए ।
मेरा यह ब्लॉग किसी विशेष राजनीतिक पार्टी या उसकी अच्छाई बुराई को लेकर नहीं है यहां सिर्फ मैंने अपने अनुभव को साझा करने का प्रयास किया है।

मैं इस चुनाव में पहली बार वोट करने जा रही हूं तो मैंने सोचा इस बात पर चर्चा करना बहुत आवश्यक है कि किस पार्टी को वोट दिया जाए और क्यों ?
हम सब जानते हैं कि वोट करना हमारा एक महत्वपूर्ण कर्तव्य है पर क्या सिर्फ वोट कर देने से हमारा कर्तव्य पूरा हो जाता है ?
हमें इस बात को सोचना चाहिए कि हम जिस पार्टी को वोट दे रहे हैं वह हमारे और हमारे देश के लिए कितनी कारगर है तथा उस पार्टी के नेता कैसे हैं और भी बहुत सारी बातें हैं जो हमें अपना वोट देने से पहले सोचना चाहिए पर हमारे पास इस चीज के लिए समय ही नहीं है ।
वोट देकर फोटो क्लिक कर के सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का समय हम सबके पास है पर उसके पहले थोड़ा सा समय निकाल कर राजनीतिक पार्टीयो की अच्छाई बुराई सोचने का समय हमारे पास नहीं है।
वैसे फोटो पोस्ट करना बुरी बात नहीं है क्योंकि ऐसा करने से आप दूसरों को भी वोट देने के लिए प्रेरित कर रहे हो जो कि अच्छा है परंतु मेरा कहना सिर्फ इतना है कि हम जिस पार्टी को वोट दे रहे हैं वह हमारे लिए आगे चलकर सही साबित होनी चाहिए वरना फिर आगे चल कर आप अपने ही चुने हुए नेता को गालियां देना शुरू कर देते हो।
मैं हैरान रहती हूं नेता जी लोगों का भाषण सुनकर यह चुनाव के दौरान जितने मुद्दों पर बात करते हैं अगर सच में उन मुद्दों पर थोड़ा सा भी कार्य करना शुरू कर दे तो देश का सही मायनों में विकास हो सकता है।

इस बात को लेकर मैंने अपने घर और बाहर दोनों जगह चर्चा की और हैरानी की बात है कि आधे से ज्यादा लोगों को कोई परवाह ही नहीं है कि किसकी सरकार बन रही है , उन्हें परेशानी तब होती है जब उनके किसी काम में सरकारी रुप से अरचन जाती है तो वह सरकार उनके लिए बुरी हो जाती है और अगर उस सरकार के रहने पर उनके सभी धंधे सही से चल रहे हैं तो उनके लिए वह सरकार अच्छी है।

यह माना जाता है कि देश का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी के हाथ में है पर आजकल की युवा पीढ़ी तो वोटिंग से ज्यादा अपने मोबाइल इंटरनेट को लेकर गंभीर है।
हमारे देश का युवा जाग कर भी सो रहा है बड़े शर्म की बात है।

एक बात मैं बहुत ही खुले शब्दों में कहना चाहूंगी कि वर्तमान समय में हमारे देश में कोई भी ऐसी राजनीतिक पार्टी नहीं है जो हमारी देश की बागडोर चलाने के लायक हो।
अभी चुनावी माहौल में भले ही आपको नेताजी लोग सड़कों पर लोगो कि मदद करते हुए नजर आ रहे होंगे परंतु चुनाव बाद ये सब अपने घरों में आराम से  AC की हवा ले रहे होंगे और आम जनता गर्मी और बरसात से बेहाल हो रही होगी तब आपको यह नजर नहीं आएंगे।

कुल मिलाकर मेरे कहने का मतलब यही है कि ऐसी पार्टी को वोट करें कि आगे चलकर आपको पछताना न पड़े और हां एक और छोटी सी बात कहना चाहूंगी कि इस देश के नागरिक तो आप भी है ना आप को इस देश ने बहुत कुछ दिया है तो थोड़ा फर्ज तो आपका भी बनता है कि कहीं अगर कुछ गलत हो रहा है तो उसे सुधारने का प्रयास किया जाए ।
लोकतंत्रात्मक राज्य में अगर लोकतंत्र की ही स्थिति खराब रहेगी तो हम उन राजनीतिक पार्टियों का क्या भरोसा करें जो सिर्फ अपने फायदे के लिए जनता का इस्तेमाल करती है।
आप अपने कर्तव्य के प्रति खुद जागरूक हो जाइए।
यह देश हम सबका है इसे मिलकर सुधारने का प्रयास हम सबको करना चाहिए तभी हमारा भविष्य सुंदर और सुखी रहेगा।

                              जागृति श्रीवास्तव

2 comments:

अकेलापन

अकेलापन डरावना नहीं होता, अगर हम उसे समझें। एकांत में मन की आवाज़ सबसे स्पष्ट सुनाई देती है। ये समय होता है खुद से मिलने का, खुद...